सब्सिडी के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते सहायक संचालक गिरफ्तार
लोकायुक्त ने पन्ना में की ट्रैप कार्रवाई, पत्नी भी पकड़ी गई
पन्ना - महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग सागर द्वारा सफल ट्रैप कार्रवाई की गई।
ट्रैप दिनांक 23/11/2026 को आवेदक भागवत साहू पिता दयाशंकर साहू उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम मनकी तहसील पवई जिला पन्ना की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
आवेदक ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्यान्न उन्नयन योजना (PMFME) के घटक एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत ऑयल मिल हेतु बैंक आफ बड़ौदा शाखा पन्ना से 594000 एवं पत्नी श्रीमती गेंदाबाई साहू के नाम से आटा एवं ऑयल मिल हेतु स्टेट बैंक आफ इंडिया पवई जिला पन्ना से 630000 का ऋण लिया था, जिसमें शासन की योजना के अंतर्गत आवेदक को 231280 रुपए की सब्सिडी एवं पत्नी श्रीमती गेंदाबाई को 220500 की सब्सिडी प्राप्त हुई थी।
सहायक संचालक उद्यान जिला पन्ना श्री प्रदीप श्रीवास्तव द्वारा प्राप्त सब्सिडी में से 200000 रुपए रिश्वत की मांग की गई एवं रिश्वत न देने पर उक्त सब्सिडी बैंक में वापस किए जाने हेतु लिखे गए पत्र पर कार्रवाई न करने के एवज में रिश्वत की मांग करने की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय सागर में पुलिस अधीक्षक के समक्ष की गई थी।
आवेदन पत्र का सत्यापन किया गया। सत्यापन पश्चात 23/11/26 को श्री प्रदीप श्रीवास्तव सहायक संचालक उद्यान जिला पन्ना एवं सह आरोपी श्रीमती रवि खरे पत्नी श्री प्रदीप श्रीवास्तव सहायक शिक्षिका शासकीय माध्यमिक शाला बृजपुरा जिला छतरपुर को उनके शासकीय आवास एफ-3 पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने पन्ना में 50000 हजार रुपए लेते हुए लोकायुक्त पुलिस सागर द्वारा पकड़ा गया। अग्रिम कार्रवाई जारी है।
ट्रैपकर्ता उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके एवं निरीक्षक रोशनी जैन तथा लोकायुक्त पुलिस सागर स्टाफ रहे।
नोट: सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर 8435794333 पर फोन कर सकते हैं।
रिपोर्टर जितेंद्र दुबे