Sun, 22 Nov 2026 | 01:55:12 PM
ब्रह्मवाणी (Brahmvani)
Breaking News Exclusive
उमरिया में एन एच 43 घुनघुटी मोर्चा फाटक में 36 घंटे से लगा महाजाम : रिमझिम बारिश ने खोली निर्माण कंपनी की लापरवाही की पोल, कीचड़ और गड्ढों के बीच यात्री परेशान बैंक से निकाले गये 7 लाख 50 हजार रूपये जप्त : राशि निकालने वाली फर्म की कैशियर गिरफ्तार, मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में नगर निगम इंदौर को देश में प्रथम पुरस्कार : मध्यप्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण में देश में प्रथम स्थान बोहानी में शहीद आशीष शर्मा की स्‍मृति में स्‍टेडियम एवं पार्क का हुआ भूमिपूजन, : नरसिंहपुर बोहानी में हर साल 19 नवंबर को शहीद मेला लगेगा, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा जिला नहीं तो हाईवे जाम! सिहोरा जिला आंदोलन समिति का बड़ा ऐलान : 26 दिसंबर को 2000 से अधिक मशालों के साथ निकलेगा मशाल जुलूस, सरकार को दिया आर-पार के संघर्ष का संदेश करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे की किसानों को चेतावनी जरूर पढ़े और सुने : नरसिंहपुर किसान भाई ध्यान दें उप्र.के गुड़ व्यापारी 40-50 रुपए बढ़ाकर गन्ना ले रहे हैं तो उधार न बेचे नगद पेमेंट ले गर्लफ्रेंड की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी ने बैरक में जान दे दी. : लखनऊ क़े सुशांत गोल्फ सिटी के होटल ओमेक्स न्यू की 10 वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्ष की समरीन की हुई मौत के मामले में अवैध शराब के विरुद्ध नरसिंहपुर पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी : अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी एवं मुखबिर तंत्र को किया गया सक्रिय UP-STF ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में नकली दवाइयां बनाने की फैक्ट्री पकड़ी : चने की भूसी, कई तरह का पाउडर मिलाकर दवाइयां बनाई जा रही थीं,इनकी सप्लाई उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में हो रही थी गाडरवारा में अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग ने दी दबिश : 1560 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त और 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद दो प्रकरण दर्ज, तीन मदिरा दुकानों का किया निरीक्षण

बोहानी में शहीद आशीष शर्मा की स्‍मृति में स्‍टेडियम एवं पार्क का हुआ भूमिपूजन, : नरसिंहपुर बोहानी में हर साल 19 नवंबर को शहीद मेला लगेगा, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा

S

Satish Lamaniya / Sat, Nov 21, 2026 / Post views : 66

नरसिंहपुर बोहानी में हर साल 19 नवंबर को शहीद मेला लगेगा, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा
शेयर करें:

बोहानी में शहीद आशीष शर्मा की स्‍मृति में स्‍टेडियम एवं पार्क का भूमिपूजन,

हर साल 19 नवंबर को शहीद मेला लगेगा : पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा

नरसिंहपुर(बोहानी) । देश को हिंसक नक्‍सली समस्‍या से मुक्‍त करने के अभियान में शौर्य और साहस के साथ जुटे मध्‍यप्रदेश पुलिस की हाक्‍सफोर्स के जांबाज इंस्‍पेक्‍टर आशीष शर्मा ने एक बरस पहले बलिदान दिया था। उनकी पहली पुण्‍यतिथि पर, 19 नवंबर, 2026 को जन्‍मभूमि बोहानी, जिला नरसिंहपुर में स्‍मृति को चिरस्‍थायी बनाने के लिए स्‍टेडियम और पार्क के निर्माण हेतु पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भूमिपूजन किया। स्‍टेडियम निर्माण के लिए 320.71 लाख रुपये तथा पार्क निर्माण के लिए 108.77 लाख रुपये की राशि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने स्‍वीकृत की है। श्री पटेल ने दोनों निर्माण पूरे करने के लिए एक वर्ष की समय सीमा निर्धारित की है। जिला प्रशासन को निर्माण की गुणवत्‍ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ यह भी ध्‍यान रखने को कहा है कि शहीद के स्‍मारक का स्‍वरूप ऐसा हो जहां से दैवी स्‍थान जैसी पवित्रता का संचार होना चाहिए। ठीक एक बरस पहले, शहीद आशीष शर्मा के अंतिम संस्‍कार के बाद हुई श्रद्धांजलि सभा में मुख्‍यमंत्री डा. मोहन यादव ने मध्‍यप्रदेश शासन की ओर से चार घोषणाएँ की थीं। शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्‍माननिधि तथा आशीष शर्मा के छोटे भाई को पुलिस में नियुक्ति देना। ये दोनों घोषणाएँ पुलिस विभाग पूरी कर चुका है। बाकी दो घोषणाओं-शहीद आशीष शर्मा स्‍मृति स्‍टेडियम और शहीद आशीष शर्मा स्‍मृति पार्क के निर्माण का दायित्‍व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग निभा रहा है। मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कार्य योजना और नक्‍शा बनवाने से लेकर धनराशि उपलब्‍ध कराने का समयबद्ध दायित्‍व पूरा किया। वे समय-समय पर निर्माण कार्य की पड़ताल भी करते रहेंगे। शहीद आशीष शर्मा का समाधि स्‍थल नई पीढि़यों के लिए प्रेरणा का संदेश देता रहे, ऐसा स्‍वरूप दिया जाएगा। मणि नागेन्‍द्र सिंह फाउण्‍डेशन की ओर से शहीद आशीष शर्मा की आवक्ष प्रतिमा की स्‍थापना की जाएगी।

श्री प्रहलाद पटेल ने स्‍मरण किया कि 72 वर्ष पूर्व, सन 1954 में दानवीर चौधरी राघव सिंह ने 256 एकड़ कृषि भूमि दान में देकर बोहानी में कृषि हाई स्‍कूल की स्‍थापना करवाई थी। उस समय यह मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा शैक्षिक दान था। इससे बोहानी को दानवीर ग्राम का महान गौरव प्राप्‍त हुआ था। नवंबर, 2025 में हाक्‍सफोर्स के इंस्‍पेक्‍टर आशीष शर्मा ने नक्‍सलियों से मुठभेड़ करते हुए वीरतापूर्वक शहादत दी। उनके साथियों ने बताया था कि आशीष फोर्स की अगुआई करते हुए मोर्चा संभालते थे। देश के लिए हुए आशीष के बलिदान ने बोहानी को शौर्य भूमि का गौरव प्रदान किया है। उनका बलिदान परिवार और सबके लिए पीड़ा का कारण है, किंतु ऐसा बलिदान पीढि़यों के लिए प्रेरणा और जन्‍मभूमि के लिए सम्‍मान का कारण भी बनता है। इस दृष्टि से शहीद आशीष शर्मा की स्‍मृति में निर्मित होने वाला स्‍टेडियम और पार्क केवल विकास के कार्य नहीं हैं, बल्कि उनके बलिदान की गौरव गाथा को आने वाली पीढि़यों तक पहुँचाने का माध्‍यम भी हैं। श्री पटेल ने बोहानी ग्राम पंचायत को सुझाव दिया कि 19 नवंबर का दिन गौरव दिवस के रूप में मनाना चाहिए। शहीद मेला का सुझाव स्‍वीकार करते हुए श्री पटेल ने कहा कि सहयोग क्रीडा मंडल गोटेगाँव खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन में सहभागी बने, इस पर मंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम की अध्‍यक्षता विधायक विश्‍वनाथ सिंह पटेल ने की। उन्‍होंने शहीद आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बोहानी ग्राम की ऐतिहासिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री डा. मोहन यादव का आभार माना जिन्‍होंने सम्‍मान निधि और शहीद आशीष शर्मा के अनुज को उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्ति देने का वचन पूरा किया। पंचायत मंत्री श्री प्रहलाद पटेल को विशेष रूप से धन्‍यवाद दिया जिन्‍होंने स्‍टेडियम और पार्क निर्माण की घोषणा को कार्य रूप में परिणित करने का बीड़ा उठाया।

विशिष्‍ट अतिथि डा. विजयदत्‍त श्रीधर ने बोहानी ग्रामवासियों की ओर से शहीद आशीष शर्मा के बलिदान को चिरस्‍थायी स्‍मृति का सम्‍मान प्रदान करने के लिए मध्‍यप्रदेश शासन और श्री प्रहलाद पटेल का आभार माना। 'एक भारतीय आत्‍मा' माखनलाल चतुर्वेदी के प्रयाण गीत 'पुष्‍प की अभिलाषा' का स्‍मरण करते हुए आपने कहा कि बोहानी के शहीद आशीष शर्मा ने उन्‍हीं के बताए मार्ग को चुना। आपने प्रतिवर्ष 19 नवंबर को शहीद मेला आयोजित करने का सुझाव रखते हुए ग्रामवासियों से अनुरोध किया कि इसमें बोहानी गाँव के हर घर की भागीदारी रहना चाहिए। यह आयोजन सरकार का नहीं, समाज का आयोजन हो, तभी उसकी सार्थकता है।

भारतीय जनता पार्टी जिला नरसिंहपुर के अध्‍यक्ष रामसनेही पाठक ने भी शहीद आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद आशीष शर्मा के पिता श्री देवेन्‍द्र शर्मा का सभी अतिथियों ने अभिनंदन किया। बालाघाट से आए हाक्‍सफोर्स के जवानों ने उन्‍हें स्‍मृति चिह्न भेंट किया। पूर्व मंत्री जालमसिंह पटेल, पूर्व विधायक भैयाराम पटेल, महंत प्रीतमपुरी गोस्‍वामी, सरपंच श्रीमती किरण शर्मा, धनंजय पटेल, कमल खटीक, बाबूलाल जाटव समेत बड़ी संख्‍या में पास- पड़ोस के ग्रामवासी श्रद्धांजलि सभा एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। नरसिंहपुर जिला कलेक्‍टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. ऋषिकेश मीणा, नरसिंहपुर जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी गजेन्‍द्र नागेश, शासकीय राघव कृषि उच्‍चतर माध्‍यमिक शाला के प्राचार्य और अध्‍यापक गण तथा अन्‍य अधिकारी- कर्मचारी स्‍मृति प्रसंग के सहभागी बने। बोहानी ग्राम के युवा जन शहीद आशीष शर्मा अमर रहें के नारे गुंजाते हुए श्रद्धांजलि सभा में पहुँचे।

Satish Lamaniya

जरूरी खबरें