एन एच 43 घुनघुटी मोर्चा फाटक में 36 घंटे से लगा महाजाम
एन एच 43 पर मोर्चा फाटक में भीषण जाम 36 घंटे बाद भी नहीं खुला रास्ता 7 से 8 हजार वाहन दोनों तरफ फंसे एमपीआरडीसी और पुलिस प्रयास में लगी रिमझिम बारिश ने खोली निर्माण कंपनी की लापरवाही की पोल, कीचड़ और गड्ढों के बीच यात्री परेशान
उमरिया - जिले से गुजरने वाली एन एच 43 घुनघुटी और शहडोल के बीच पर मोर्चा फाटक के पास अव्यवस्थित सड़क निर्माण और बदहाल सड़क के कारण भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। हालात यह हैं कि करीब 36 घंटे बीत जाने के बाद भी हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण सड़क की स्थिति पहले से ही खराब बनी हुई है। अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ने और रिमझिम बारिश होने के बाद सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की समस्या और गंभीर हो गई। इसके चलते वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई और मोर्चा फाटक के पास जाम लग गया।
हल्की बारिश ने ही सड़क निर्माण की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम में फंसे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं जरूरी काम से यात्रा करने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर निर्माण कार्य अधूरा रहने और बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था चरमराने से निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर निर्माण कार्य समय पर पूरा क्यों नहीं किया जा रहा है बेमौसम बारिश को देखते हुए सड़क पर आवागमन सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है l
वहीं इस मामले में एमपीआरडीसी के डी एम अवधेश स्वर्णकार ने बताया ठेकेदार द्वारा आर ओ बी का निर्माण किया जा रहा है जिसके लिए मिट्टी डाल कर कॉम्पेक्शन किया जा रहा है और इसी बीच अचानक बेमौसम बारिश हो गई जिसके कारण स्थिति बिगड़ गई है मेरे द्वारा ठेकेदार को निर्देश देकर मशीनें लगाई गई है प्रयास किया जा रहा है, धीरे धीरे वाहनों को निकलवाया जा रहा है l
गौरतलब है 13 वर्षों से आज तक उमरिया से शहडोल मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया जिसके कारण वाहन मालिक और चालक के साथ क्षेत्र की जनता कीचड़ और जाम की स्थिति झेलने को मजबूर है l