गन्ने के भाव 600 रु करने की मांग लेकर नरसिंहपुर के किसान आज भोपाल पहुंचे
नरसिंहपुर जिले के किसानों का भोपाल से हल्ला बोल कार्यक्रम जारी
भोपाल। जिले के गन्ना किसानों ने गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित कराने को लेकर प्रदेश सरकार से आर-पार की मांग की है। राष्ट्रवादीपहुंचे किसान आर्मी के नेतृत्व में पिछले तीन महीनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों ने आज भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन भेजकर गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने, 100 रुपए प्रति क्विंटल राज्य बोनस देने और गन्ना खरीदी के 14 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।
राष्ट्रवादी किसान आर्मी द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी ज्ञापन में बताया गया है कि खाद, बीज, डीजल, बिजली और मजदूरी सहित खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद जिले की शुगर मिलों द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है। इससे गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
19 नवंबर की बैठक में भी नहीं निकला समाधान
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 19 नवंबर 2026 को कलेक्टर नरसिंहपुर की अध्यक्षता में शुगर मिल मालिकों एवं किसान प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई थी। लेकिन मिल प्रबंधन के अड़ियल रवैये के चलते किसानों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
मुख्यमंत्री के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें
राष्ट्रवादी किसान आर्मी ने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें पूरी करने का आग्रह किया है।
600 रुपए प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य: वर्तमान पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए।
100 रुपए प्रति क्विंटल राज्य बोनस: मध्य प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए गन्ने पर 100 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस प्रदान करे।
14 दिनों में भुगतान अनिवार्य: गन्ना नियंत्रण आदेश के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराते हुए शुगर मिलों को गन्ना खरीदी के 14 दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान करने के निर्देश दिए जाएं। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार ब्याज भी दिलाया जाए।
किसानों को सरकार से न्याय की उम्मीद
राष्ट्रवादी किसान आर्मी ने प्रदेश सरकार से किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेकर मांगों के संबंध में आदेश जारी करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि बढ़ती कृषि लागत और भुगतान संबंधी समस्याओं के बीच गन्ना किसानों को आर्थिक राहत मिलना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रदेश सरकार किसानों की इन मांगों पर क्या निर्णय लेती है।
एक नजर में प्रमुख मांगें:
गन्ने का भाव – 600 रुपए प्रति क्विंटल।
राज्य बोनस – 100 रुपए प्रति क्विंटल।
भुगतान – 14 दिनों के भीतर।