गाजीपुर में ज्वेलरी शॉप लूट का दो घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार;
पांच चेन और दो पिस्टल बरामद
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई पीली धातु की पांच चेन, दो पिस्टल, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल एक चारपहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:40 बजे बंशी बाजार स्थित संजय कुमार वर्मा की ज्वेलरी शॉप संगिनी ज्वेलर्स में तीन बदमाशों द्वारा फायरिंग कर लूट किए जाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पक्ष से जानकारी ली। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस मामले में दुकान संचालक के बेटे शिवम कुमार वर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 803/26, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मीरनपुर शक्का मोड़ पर हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद स्वाट टीम और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के मीरनपुर शक्का मोड़ पर उन्हें घेर लिया। इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा।
दो आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय दुबे उर्फ पप्पू (42 वर्ष), पुत्र बालकृष्ण दुबे और पुष्कर दुबे (21 वर्ष), पुत्र संतोष के रूप में हुई है। दोनों खतीरपुर, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पांच पीली धातु की चेन, दो पिस्टल, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया एक चारपहिया वाहन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
संजय दुबे का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय दुबे उर्फ पप्पू के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में भारतीय दंड संहिता की धारा 489ए, 489बी, 489सी और 489डी के तहत थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा उसी वर्ष उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 3(1) के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वर्तमान लूट के मामले में भी उसे आरोपी बनाया गया है। दूसरे आरोपी पुष्कर दुबे के खिलाफ फिलहाल इस घटना से संबंधित मुकदमा दर्ज है।