Sun, 22 Nov 2026 | 01:53:57 PM
ब्रह्मवाणी (Brahmvani)
Breaking News Exclusive
उमरिया में एन एच 43 घुनघुटी मोर्चा फाटक में 36 घंटे से लगा महाजाम : रिमझिम बारिश ने खोली निर्माण कंपनी की लापरवाही की पोल, कीचड़ और गड्ढों के बीच यात्री परेशान बैंक से निकाले गये 7 लाख 50 हजार रूपये जप्त : राशि निकालने वाली फर्म की कैशियर गिरफ्तार, मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में नगर निगम इंदौर को देश में प्रथम पुरस्कार : मध्यप्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण में देश में प्रथम स्थान बोहानी में शहीद आशीष शर्मा की स्‍मृति में स्‍टेडियम एवं पार्क का हुआ भूमिपूजन, : नरसिंहपुर बोहानी में हर साल 19 नवंबर को शहीद मेला लगेगा, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा जिला नहीं तो हाईवे जाम! सिहोरा जिला आंदोलन समिति का बड़ा ऐलान : 26 दिसंबर को 2000 से अधिक मशालों के साथ निकलेगा मशाल जुलूस, सरकार को दिया आर-पार के संघर्ष का संदेश करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे की किसानों को चेतावनी जरूर पढ़े और सुने : नरसिंहपुर किसान भाई ध्यान दें उप्र.के गुड़ व्यापारी 40-50 रुपए बढ़ाकर गन्ना ले रहे हैं तो उधार न बेचे नगद पेमेंट ले गर्लफ्रेंड की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी ने बैरक में जान दे दी. : लखनऊ क़े सुशांत गोल्फ सिटी के होटल ओमेक्स न्यू की 10 वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्ष की समरीन की हुई मौत के मामले में अवैध शराब के विरुद्ध नरसिंहपुर पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी : अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी एवं मुखबिर तंत्र को किया गया सक्रिय UP-STF ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में नकली दवाइयां बनाने की फैक्ट्री पकड़ी : चने की भूसी, कई तरह का पाउडर मिलाकर दवाइयां बनाई जा रही थीं,इनकी सप्लाई उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में हो रही थी गाडरवारा में अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग ने दी दबिश : 1560 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त और 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद दो प्रकरण दर्ज, तीन मदिरा दुकानों का किया निरीक्षण

खेती और सौर ऊर्जा के तालमेल से बढ़ेगी किसानों की आय, शिवराज सिंह चौहान : ऊपर सोलर पैनल,नीचे लहलहाएगी फसल:भारत मंडपम में 7वें एग्रीवोल्टाइक वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस का शिवराज सिंह ने किया शुभारंभ

S

Satish Lamaniya / Wed, Oct 21, 2026 / Post views : 47

ऊपर सोलर पैनल,नीचे लहलहाएगी फसल:भारत मंडपम में 7वें एग्रीवोल्टाइक वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस का शिवराज सिंह ने किया शुभारंभ
शेयर करें:

ऊपर सोलर पैनल, नीचे लहलहाएगी फसल: भारत मंडपम में 7वें एग्रीवोल्टाइक वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस का केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया शुभारंभ

अन्नदाता भी, ऊर्जादाता भी: खेती और सौर ऊर्जा के तालमेल से बढ़ेगी किसानों की आय- श्री शिवराज सिंह चौहान

​85% छोटे और सीमांत किसानों के हित को केंद्र में रखकर बने एग्रीवोल्टाइक नीति- केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह

​प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनाज के लबालब भंडारों के साथ स्वच्छ ऊर्जा में भी दुनिया का नेतृत्व कर रहा भारत- श्री शिवराज सिंह

​कदम से कदम मिलाकर काम करेंगे कृषि और ऊर्जा मंत्रालय: ग्रामीण युवाओं को गांव में ही मिलेंगे नए रोजगार- श्री शिवराज सिंह

​गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता 308 गीगावाट पार, एग्रीवोल्टाइक से 2050 की बिजली मांग होगी पूरी- श्री प्रह्लाद जोशी

​पीएम कुसुम के अगले चरण में शुरू होगा दुनिया का सबसे बड़ा एग्रीवोल्टाइक अभियान- केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश का किसान अब केवल "अन्नदाता" ही नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा को अपनाकर वास्तविक अर्थों में "अन्नदाता भी और ऊर्जादाता भी" बनने जा रहा है। बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय '7वें एग्रीवोल्टाइक वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस' के उद्घाटन सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि खेती और सौर ऊर्जा का संगम विश्व कल्याण और किसानों की आर्थिक समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एग्रीवोल्टाइक नीति ऐसी बननी चाहिए जो देश के 85 प्रतिशत छोटे और सीमांत किसानों के खेतों पर व्यावहारिक रूप से खरी उतरे।

​​सभागार में देश-विदेश के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पहुंचे किसान भाइयों का स्वागत करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एग्रीवोल्टाइक तकनीक से एक ही जमीन पर ऊपर सौर पैनल से बिजली पैदा होगी और नीचे फसल लहलहाएगी। उन्होंने इसे सरल देसी अंदाज में समझाते हुए कहा कि यह "आम के आम और गुठलियों के दाम" तथा "हिंग लगे न फिटकरी, रंग भी चोखा" जैसा सशक्त मॉडल है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में कहा जाता था 'रहिमन पानी राखिये', लेकिन आज के युग में स्थिति ऐसी है कि 'रहिमन बिजली राखिये', क्योंकि आधुनिक जीवन और खेती में बिना बिजली सब शून्य है, इसलिए खेती के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन को जोड़ना किसानों के हित में सबसे बड़ा कदम है।

​केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने गर्व के साथ रेखांकित किया कि एक दौर था जब भारत खाद्य सुरक्षा के लिए खाद्यान्न आयात पर निर्भर था, लेकिन आज देश के अन्नदाताओं के पसीने की बदौलत अन्न भंडार गेहूं और धान से पूरी तरह लबालब भरे हुए हैं। भारतीय कृषि क्षेत्र लगातार 4.5 प्रतिशत की मजबूत विकास दर बनाए हुए है, जो अपने आप में एक बड़ा कीर्तिमान है। कृषि उत्पादों का निर्यात 52.55 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड पर पहुंच चुका है और हाल ही में रबी सीजन 2026-27 की बुवाई भी शुरू हो चुकी है, जिसमें दलहन और तिलहन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

​श्री शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों और नीति-निर्माताओं के समक्ष जमीनी हकीकत रखते हुए स्पष्ट किया कि भारत में औसत भूमि जोत मात्र 0.96 हेक्टेयर है और 85 प्रतिशत से अधिक किसान छोटे व सीमांत हैं, जिनके पास इतनी जमीन नहीं है कि वे खेती छोड़कर केवल सोलर प्लांट लगा सकें। उन्होंने जोर दिया कि प्रयोगशालाओं और सरकारी संस्थानों में तो पैसा लग जाता है, लेकिन किसान को अपनी गाढ़ी कमाई लगानी पड़ती है, इसलिए मॉडल ऐसा होना चाहिए जो छोटे किसान के खेत में व्यावहारिक रूप से सफल हो और कृषि उत्पादन किसी भी कीमत पर न रुके। उन्होंने कहा कि केवल सोलर पैनल के नीचे कुछ पौधे लगा देने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि पैनल की ऊंचाई, खंभों के बीच की दूरी और जुताई की व्यवस्था ऐसी रखनी होगी ताकि किसान हर साल अपनी पसंद से फसल और फसल-चक्र बदल सके।

श्री चौहान ने व्यावहारिक चुनौतियों के समय रहते समाधान पर बल देते हुए कहा कि पैनलों से गिरने वाले वर्षा जल के सुरक्षित निकास और संचयन का पुख्ता प्रबंध हो ताकि खेतों में मिट्टी का कटाव न हो और पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग हो सके। उन्होंने बिजली खरीद, ग्रिड तक पहुंच और किसानों को समय पर पारदर्शी भुगतान की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही सुझाव दिया कि किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को इसमें सक्रिय रूप से जोड़ा जाए और उपकरणों के संचालन, मरम्मत व रखरखाव का प्रशिक्षण स्थानीय ग्रामीण युवाओं व महिलाओं को दिया जाए ताकि गांवों में ही रोजगार के बड़े अवसर तैयार हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई कंपनी परियोजना बीच में छोड़ दे या अनुबंध समाप्त होने पर पैनल हटाने पड़ें, तो उसका कोई भी वित्तीय या भौतिक बोझ किसान पर न आए, इसकी जिम्मेदारी शुरुआत में ही तय होनी चाहिए।

श्री चौहान ने नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी के नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विश्वास दिलाया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए कृषि मंत्रालय कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह 7वां संस्करण अब तक आयोजित सभी छह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों की तुलना में सबसे बड़ा और ऐतिहासिक है, जिसमें रिकॉर्ड भागीदारी के चलते अतिरिक्त हॉल की व्यवस्था करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक संकटों से जूझ रही है, तब भारत चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 7.8% की जीडीपी विकास दर के साथ विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश की कुल बिजली क्षमता लगभग 249 गीगावाट थी, जो आज बढ़कर 560 गीगावाट से अधिक हो चुकी है। इसमें गैर-जीवाश्म स्थापित क्षमता 308 गीगावाट पार कर चुकी है, जिसमें से 100 गीगावाट क्षमता पिछले मात्र ढाई वर्षों में जोड़ी गई है। साथ ही वर्ष 2012-13 में ₹11 प्रति यूनिट रहने वाली गैर-जीवाश्म बिजली की लागत आज बड़े पैमाने पर उत्पादन के कारण घटकर मात्र ₹2.60 प्रति यूनिट रह गई है।

केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने 'टेरी' (TERI) के अध्ययन का हवाला देते हुए बताया कि देश की 11.6 करोड़ हेक्टेयर कृषि भूमि में से 4.75 करोड़ हेक्टेयर भूमि (लगभग 30%) एग्रीवोल्टाइक के लिए तकनीकी रूप से पूरी तरह उपयुक्त है, जिसमें महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने रेखांकित किया कि यदि इस उपयुक्त भूमि के मात्र 10 प्रतिशत हिस्से पर भी एग्रीवोल्टाइक लगा दिया जाए, तो भारत वर्ष 2050 तक की अपनी पूरी अनुमानित बिजली मांग को अकेले इसी से पूरा कर सकता है, साथ ही इससे फसलों की पैदावार में भी 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है।

श्री जोशी ने बताया कि पीएम कुसुम योजना के तहत अब तक 30 लाख (3 मिलियन) कृषि पंपों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जा चुका है, जिससे किसानों को रात के जोखिम भरे समय में सिंचाई से मुक्ति मिली है और दिन में निर्बाध बिजली मिल रही है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार जल्द ही पीएम कुसुम के अगले चरण के तहत दुनिया का सबसे महत्वाकांक्षी एग्रीवोल्टाइक कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि अध्ययनों के अनुसार इस क्षेत्र में लगभग 3.32 लाख पूर्णकालिक स्थानीय रोजगार पैदा होंगे, जिससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार की तलाश में जिला मुख्यालयों या बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उद्घाटन समारोह के मंच पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपाद येसो नाईक, भारत एवं भूटान में जर्मनी के राजदूत डॉ. जैस्पर विक, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव श्री संतोष कुमार सारंगी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री अतीश चंद्रा, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव तथा आईसीएआर (ICAR) के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) के महानिदेशक श्री आशीष खन्ना विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उद्घाटन सत्र के दौरान एग्रीवोल्टाइक से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी टूल्स और संचार सामग्रियों का भी औपचारिक विमोचन एवं लोकार्पण किया गया, जिससे किसानों और हितधारकों को खेत स्तर पर सटीक निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।

Satish Lamaniya

जरूरी खबरें