हेल्थकॉन 2026 का दो दिवसीय आयोजन 31 अक्टूबर से
देशभर से इंदौर में जुटेंगे 1200 से अधिक प्रतिनिधि
इंदौर। समग्र स्वास्थ्य, भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय नेशनल होलिस्टिक हेल्थ कॉन्फ्रेंस 2026 (हेल्थकॉन 2026) का आयोजन 31 और 1 नवंबर को इंदौर में किया जा रहा है। चोइथराम नेत्रालय एवं ईडीयू सीरम नर्सिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में यह सम्मेलन धार रोड स्थित चोइथराम नेत्रालय परिसर में आयोजित होगा। इसमें देशभर से 1200 से अधिक विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के शामिल होंगे। यह जानकारी आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम अध्यक्ष अश्विनी वर्मा, संयोजक डॉ. उषा उकांडे और डॉ. हेमंत शर्मा के साथ ही मीडिया प्रमुख डॉ. प्रमोद नंदवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी सभी आयुष पद्धतियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट शोधपत्रों का प्रस्तुतीकरण, पुरस्कार वितरण और आयुष क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देना और समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को प्रोत्साहित करना है।