7 दिन से लापता 18 वर्षीय युवक का सुराग नहीं, पिता ने एसपी से लगाई गुहार;
मोबाइल सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस कराने की मांग
नरसिंहपुर। जिले के सिंहपुर बड़ा गांव से एक 18 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के लापता हुए करीब सात दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परेशान पिता ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन देकर बेटे की तलाश कराने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिंहपुर बड़ा, थाना स्टेशन गंज निवासी अरविंद कश्यप ने अपने आवेदन में बताया कि उनका पुत्र अर्पित कश्यप (18 वर्ष) दिनांक 6 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे से लापता है। बताया गया कि अर्पित घर से यह कहकर निकला था कि वह बाररेवा नदी के पास स्थित बाजरंगी आश्रम में रामलीला देखने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
परिजनों ने 6 नवंबर को ही सिंहपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है। पिता का कहना है कि पुलिस चौकी द्वारा मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तलाश किए जाने की जानकारी दी गई, लेकिन आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।
पिता अरविंद कश्यप ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनके पुत्र के मोबाइल नंबर 9575517187 को सर्विलांस पर डालकर उसकी वास्तविक लोकेशन ट्रेस कराई जाए, जिससे जल्द से जल्द बेटे का पता लगाया जा सके।
परिजनों की चिंता बढ़ी
सात दिनों से बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार परेशान है। अब परिजनों को पुलिस की सक्रिय कार्रवाई और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए बेटे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।
संदीप राजपूत अदिति न्यूज, नरसिंहपुर