जालौन में बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या,
कानपुर के सचेंडी में मिला शव; तीन संदिग्ध हिरासत में
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार संघ के तहसील अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उनका शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में रातभर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गयादीन अहिरवार 31 अक्टूबर को किसी काम से उरई न्यायालय आए थे। वहां से लौटकर कालपी पहुंचने के बाद उन्होंने अपने बेटे को स्टैंड पर बुलाया था। इसी दौरान एक व्यक्ति उनसे मिलने आया और किसी फाइल पर चर्चा करने के बहाने उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गया। कार में कुल चार लोग सवार बताए गए हैं। कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों की सूचना पर जालौन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत स्वयं रातभर कालपी में मौजूद रहे और अलग-अलग टीमों को निर्देशित करते रहे। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तलाश अभियान चलाया। त्वरित कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए संदिग्धों की निशानदेही पर गयादीन अहिरवार का शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद हुआ। फिलहाल शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में जमीन से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस इस पहलू सहित घटना के सभी संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल कार सहित अन्य साक्ष्य बरामद करने के प्रयास जारी हैं।