कन्नौज में दंपती हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: चोरी के इरादे से घर में घुसा आरोपी,
हत्या के बाद महिला के शव के साथ दुष्कर्म का आरोप
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में पति-पत्नी की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 4 नवंबर की रात संजीव कठेरिया और उनकी पत्नी शिखा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी योगेश राजपूत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी योगेश राजपूत चोरी करने के इरादे से दंपती के घर में घुसा था। उस समय संजीव और शिखा जाग रहे थे। चोरी की कोशिश के दौरान पकड़े जाने के डर से आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी।
महिला के शव के साथ दुष्कर्म का भी आरोप
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, दंपती की हत्या करने के बाद आरोपी ने महिला के शव के साथ तीन बार दुष्कर्म किया। इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की क्रूरता ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पहले भी मां-बेटी की हत्या के मामले में जा चुका है जेल
इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी योगेश राजपूत ने 29 नवंबर 2022 को एक मां-बेटी की भी हत्या की थी। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद वह जेल गया था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
जमानत पर बाहर आने के बाद अब उस पर कन्नौज में दंपती की हत्या का गंभीर आरोप लगा है।
लगातार सामने आ रहे खुलासों से पुलिस जांच में नया मोड़
एक ही आरोपी का पूर्व में मां-बेटी की हत्या के मामले में जेल जाना और फिर जमानत पर बाहर आने के बाद दंपती हत्याकांड में नाम सामने आना कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस जघन्य वारदात के खुलासे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।