हाईवे पर घायल अवस्था में पड़ी मिली गौमाता, एक घंटे बाद पहुंचा पशु विभाग
वरिष्ठ पत्रकार अभय हिन्दुस्तानी ने दिखाई संवेदनशीलता, राहगीरों और देवरीकलां सरपंच ने भी की गौसेवा
नरसिंहपुर/करेली। नरसिंहपुर-करेली हाईवे पर देवरीकलां के आगे एक गौमाता घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ी हुई मिली। इसी दौरान वहां से गुजर रहे वरिष्ठ पत्रकार अभय हिन्दुस्तानी की नजर घायल गौमाता पर पड़ी। उन्होंने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तत्काल अपना वाहन रोका और पशु विभाग के अधिकारियों को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी तथा गौमाता के उपचार के लिए मदद मांगी।
बताया गया कि सूचना देने के बावजूद पशु विभाग की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने भी अपने वाहन रोककर गौमाता की सेवा और मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी ने मिलकर घायल गौमाता की देखभाल की और उसके उपचार के लिए प्रयास किए।
इस मानवीय पहल में देवरीकलां के सरपंच सपलेंद्र जाट ने भी सहयोग करते हुए गौमाता की मदद की। काफी देर बाद पशु विभाग की ओर से गौसेवक मौके पर पहुंचा और घायल गौमाता का उपचार किया।
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि गौवंश की सेवा और संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वरिष्ठ पत्रकार अभय हिन्दुस्तानी, राहगीरों और सरपंच सपलेंद्र जाट की तत्परता निश्चित रूप से सराहनीय रही।
वहीं, इस घटना ने पशु विभाग की आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर भी सवाल खड़े किए हैं। सड़क पर घायल पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विभाग को अपनी व्यवस्था और प्रतिक्रिया समय में सुधार करने की आवश्यकता है।