70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों का एसडीएम प्रगति वर्मा ने किया निरीक्षण
खेल मैदानों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, रखरखाव एवं बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश
गाडरवारा। 11 नवंबर से 17 नवम्बर तक रूद्र मैदान गाडरवारा सहित अन्य ग्रामीण खेल मैदानो पर होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर 19 बालक वर्ग के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीएम एवं प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी श्रीमती प्रगति वर्मा ने प्रतियोगिता के लिए निर्धारित खेल मैदानों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदानों की स्थिति, साफ-सफाई, रखरखाव एवं खिलाड़ियों की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक अनुज जैन भी उनके साथ उपस्थित रहे। एसडीएम श्रीमती वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी खेल मैदानों को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जाए तथा मैदान की खेल अनुकूल स्थिति बनाए रखने के लिए नियमित रूप से निगरानी की जाये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की शालेय खेल प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, अनुशासन सीखने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता करें तथा खेल भावना को सर्वोपरि रखें।
उन्होंने मैदानों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि खेल मैदान हमारी खेल संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इनकी स्वच्छता, समुचित देखभाल एवं नियमित रखरखाव केवल प्रतियोगिता के समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इन्हें भविष्य में भी खिलाड़ियों के अभ्यास एवं खेल गतिविधियों के लिए बेहतर स्थिति में बनाए रखना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतियोगिता की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।