मुंगवानी प्रदर्शन को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने जारी किया स्पष्टीकरण,
लगाए जा रहे आरोपों को बताया निराधार
नरसिंहपुर। बीते 5 नवंबर 2026 को मुंगवानी में सर्व आदिवासी समाज के संगठनों के आह्वान पर आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर अब सर्व आदिवासी समाज नरसिंहपुर की ओर से स्पष्टीकरण सामने आया है।
समाज द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में बढ़ती जुआ, सट्टा, अवैध शराब बिक्री तथा आदिवासी समाज के लोगों पर जानलेवा हमले जैसी आपराधिक घटनाओं के विरोध में पूर्व सूचना के आधार पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कुछ वक्ताओं द्वारा अपने व्यक्तिगत विचार रखे गए, जिनके कुछ शब्दों से समाज सहमत नहीं है। हालांकि समाज अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा खड़ा रहेगा।
जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि कार्यक्रम को लेकर भ्रामक और असत्य जानकारी फैलाई जा रही है। समाज ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन से पूर्व प्रशासन को विधिवत सूचना दी गई थी तथा ज्ञापन लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे।
वहीं कार्यक्रम को अर्बन नक्सलवादी गतिविधियों से जोड़ने संबंधी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा गया कि कार्यक्रम के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद था। इसके साथ ही धर्मांतरण कराए जाने के आरोपों को भी पूरी तरह गलत बताया गया है।
सर्व आदिवासी समाज नरसिंहपुर ने स्पष्ट किया कि 5 नवंबर को मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम किसी अन्य उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों और आदिवासी समाज के विरुद्ध हो रही घटनाओं के विरोध में किया गया था।