गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था पर उठे सवाल, गौवंश की बदहाली को लेकर शिकायत
रातीकरार कला की मुख्यमंत्री गौशाला योजना पर अनियमितताओं के आरोप,
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
करेली, नरसिंहपुर। जनपद पंचायत करेली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रातीकरार कला में संचालित मुख्यमंत्री गौशाला योजना के तहत गौवंश की देखभाल और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं। भारतीय जीव-जंतु कल्याण बोर्ड से नियुक्त मानद पशु कल्याण प्रतिनिधि एवं जीसीसीआई के प्रदेश मीडिया प्रभारी भागीरथ तिवारी ने गौशाला का निरीक्षण करने के बाद वहां चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है।
भागीरथ तिवारी के अनुसार, गौशाला में निरीक्षण के दौरान गोवंश भूखा-प्यासा दिखाई दिया। उनका आरोप है कि गौवंश के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था नहीं थी तथा पीने के पानी की टंकी में भी पानी की स्वच्छता को लेकर स्थिति संतोषजनक नहीं थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गौवंश के लिए समुचित चारा, स्वच्छ पेयजल और उचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
स्व-सहायता समूह को गौशाला सौंपने का मामला
भागीरथ तिवारी ने बताया कि गौशाला के संचालन को लेकर जब ग्राम पंचायत के जिम्मेदार लोगों से चर्चा की गई, तो उन्हें जानकारी मिली कि गौशाला का संचालन एक स्व-सहायता समूह को सौंपा गया है। उनके अनुसार, सरपंच पक्ष की ओर से बताया गया कि यह व्यवस्था भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय बनवारी के कहने पर की गई है। इस संबंध में गौशाला के संचालन की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की जांच किए जाने की मांग की गई है।
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
गौशाला में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर भागीरथ तिवारी ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम आवेदन भेजा है। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी शिकायत की प्रतियां प्रेषित की गई हैं।
शिकायत की प्रतियां पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पशु कल्याण से जुड़े विषयों पर सक्रिय मेनका संजय गांधी, भारतीय जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष, राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं जीसीसीआई के संस्थापक डॉ. वल्लभभाई कथीरिया सहित जिला कलेक्टर, मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था, गोवंश के रखरखाव और संचालन संबंधी जिम्मेदारियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। अब संबंधित प्रशासनिक एवं पशुपालन अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का पता लगाएं और यदि कोई अनियमितता या पशु क्रूरता प्रमाणित होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई करें।