नरसिंहपुर के केंद्रीय जेल में कैदी की मौत
नरसिंहपुर । रविवार को एक कैदी की मौत हो गई । जानकारी अनुसार केंद्रीय जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। मौत की न्यायिक जांच कराई जाएगी। शुरुआती तौर पर साइलेंट अटैक की आशंका जताई गई है।
सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग दर्ज किया। पंचनामा समेत अन्य कानूनी कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की जा रही है। सुखराम पिता नेतराम मलाह (63), ग्राम कुम्हड़ी, थाना कोतवाली का रहने वाला था। हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह केंद्रीय जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201 के तहत दोषी ठहराया गया था। उम्रकैद के साथ उसे तीन साल के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई गई थी। वह करीब 12 साल से जेल में बंद था। जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी ने बताया कि सुखराम की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। दो दिन पहले उसे इलाज के लिए जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार, 15 नवंबर को सुबह करीब 9:50 बजे उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई।
हालत गंभीर होने पर उसे शासकीय जिला अस्पताल भेजा गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।