गाडरवारा में राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांच चरम पर
तीसरे दिन खेले गये मैचों में टीमों ने दमदार प्रदर्शन कर जीते मैच
गाडरवारा। प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह के प्रयासों से नगर के रूद्र कॉलेज मैदान सहित विभिन्न मैदानो पर राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के मेचों का आयोजन तीसरे दिन भी सुचारू रूप से किया गया। बालक अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न संभागीय टीमों के बीच अलग-अलग पूलों के खेले गये विभिन्न मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों को विजयी बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। बीते रविवार को प्रतियोगिता के तीसरे दिन 5 मैच खेले गये। सुबह एनटीपीसी खेल मैदान पर खेले गये मैच में नर्मदापुरम संभाग ने जनजातीय कार्य विभाग की टीम को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से हराया।निर्धारित 20 ओवरो के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जनजातीय कार्य विभाग की टीम 10 ओवर में सिर्फ 59 रनो पर सिमट गई। जवाब में नर्मदापुरम संभाग की टीम ने 5 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 63 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच में नर्मदापुरम टीम के गौरव गोहिते को 3 विकेट लेने पर प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरुस्कार अतिथियों निर्देश कौरव एवं संतोष कौरव की उपस्थिति में दिया गया। वहीं चीचली के खेल मैदान पर रविवार को खेले गये मैच में रीवा ने सागर संभाग को 8 विकेट से हराया। टॉस जीतकर सागर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरो में 9 विकेट खोकर 108 रन बनाये। जवाब में रीवा संभाग ने सिर्फ 13 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर 109 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच के अंत में संस्कार सिँह बागरी को 55 रनो की पारी खेलने पर अतिथियों संदीप पैगवार एवं संतोष चौरसिया की उपस्थिति में प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरुस्कार दिया गया। रविवार को ही बोहानी के शासकीय राघव कृषि उ मा विद्यालय के मैदान पर खेले गये मैच में इंदौर संभाग ने जबलपुर को 9 रनो से शिकस्त दी। सुबह टास जीतकर इंदौर संभाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवरो के मैच सभी विकेट खोकर 118 रन बनाये जवाब में जबलपुर संभाग की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 109 रन बना पाई और मैच हार गई। मैच में दिव्यांश गोस्वामी को अतिथियों राजेंद्र मदारिया,रमाकांत शर्मा,डॉ आर एन शुक्ला, डॉ जगदीश वर्मा, राजकुमार रघुवंशी, अशोक पटैल सहित अन्य की उपस्थिति में प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरुस्कार दिया गया। नगर गाडरवारा के रूद्र कॉलेज मैदान पर सुबह खेले गये पहले मैच में भोपाल संभाग ने ग्वालियर को 97 रनो के विशाल अंतर से हराया। निर्धारित 20 ओवरो के मैच में भोपाल की टीम ने सभी विकेट खोकर 184 रनो का विशाल स्कोर बनाया जिसके जवाब में ग्वालियर संभाग की टीम 13 ओवरो में सिर्फ 88 रनो पर ही सिमट गई। मैच में भोपाल संभाग से देव रघुवंशी को 5 विकेट लेने पर अतिथि राव संदीप सिंह की उपस्थिति में प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरुस्कार दिया गया। वहीं इसी मैदान पर दोपहर को खेले गये मैच में भोपाल संभाग ने उज्जैन संभाग को 5 विकेट से हराया। निर्धारित 20 ओवरो के मैच में उज्जैन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरो में 6 विकेट खोकर 153 रन बनाये जवाब में भोपाल की टीम ने 19 वे ओवर में 5 विकेट खोकर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मैच का प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरुस्कार जय रघुवंशी भोपाल को अतिथियों गजराज अधरुज, खेत नारायण राजपूत, सुशील दुबे, सुरेश श्रीवास्तव की उपस्थिति में दिया गया। रविवार को खेले गये मैचों में एम्पायर की भूमिका देवेंद्र रजक, आशीष दीक्षित, कदीर खान, सौरभ यादव, देवेंद्र वैरागी, विराट ठाकुर, स्वप्निल शर्मा, शाकिर खान, सचिन पटैल ने निभाई। मैचों में स्कोरिंग व कमेंट्री का कार्य सुमित कौरव, देवराज पटैल, सुनील सोनी, बलराम प्रजापति, अमर मेहरा, निक्की पवार, विनीत नामदेव, नित्या बोहरे, ज्योति धानक, अंकिता मंडलोई, सौरभ लहरिया एवं इल्यास खान ने किया। आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अनिल कुशवाहा के मार्गदर्शन व जिला क्रीड़ा व कल्याण निरीक्षक अनुज जैन के निर्देशन में समस्त समितियाँ उल्लेखनीय कार्य कर रही है। बीईओ सीमा डोंगरे, वीरेंद्र राजपूत, प्राचार्य प्रतुल इंदुरख्या, एस के मिश्रा, बीआरसी डी के पटैल, संदीप स्थापक, भूपेश ठाकुर, अजय शर्मा, गजेंद्र कौरव, पीटीआई मुकेश पटैल, विक्रम शर्मा, अजय सोनी, राबिन ठाकुर सहित अन्य के सहयोग से मैच शांतिपूर्ण ढंग से प्रतिदिन संपन्न हो रहे है। प्रतियोगिता के चौथे दिन विभिन्न मैदानो पर 5 मैच खेले जायेंगे।