राज्य महिला आयोग की सदस्य ने बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण
मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक रुचियों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
श्रीमती स्थापक ने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, खेल, कला, तकनीक और प्रौद्योगिकी सहित हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। छात्राएं अपनी प्रतिभा को पहचानें, लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें।छात्राओं को प्रेरित करते हुए श्रीमती स्थापक ने रामचरितमानस के चरित्रों का उदाहरण दिया। उन्होंने सकारात्मक चिंतन, सही आचरण, साहस, सजगता और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया।
संवाद के दौरान उन्होंने छात्राओं की विषयवार रुचियों की जानकारी ली। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाली छात्राओं की सराहना की, वहीं अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आने वाली छात्राओं को निराश न होकर अपनी कमियों को पहचानने और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई।
निरीक्षण के दौरान भोजन कक्ष, आवास, स्वच्छता और पढ़ाई से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। श्रीमती स्थापक ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे खुलकर अपनी बात रखें। श्रीमती निशा सोनी ने छात्राओं के लिए टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित कराने का सुझाव दिया। इस अवसर पर श्री मोहरकांत पटेल, श्री आदित्य शर्मा, श्री नवीन पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुशवाहा, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, छात्रावास वार्डन श्रीमती सीमा दीक्षित सहित छात्राएं उपस्थित रहीं।