बिना एसएमएस के हार्वेस्टर संचालन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
चार गांवों में बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के मिले कंबाइन हार्वेस्टर
तीन संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
नरसिंहपुर।जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के कंबाइन हार्वेस्टर संचालित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। संयुक्त जांच दल ने चार गांवों में निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नरसिंहपुर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत बिना एसएमएस के कंबाइन हार्वेस्टर संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में अनुविभागीय कृषि अधिकारी गाडरवारा श्रीमती सुनीता मवासे के नेतृत्व में पुलिस एवं कृषि विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम चीचली, सिंहपुर, मऊ एवं मगरमुहा में निरीक्षण किया। इस दौरान बिना एसएमएस के कंबाइन हार्वेस्टर संचालित पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम चीचली में हरियाणा निवासी श्री छिंदर सिंह, ग्राम सिंहपुर में श्री अमरजीत सिंह तथा ग्राम मऊ में श्री अवतार सिंह के विरुद्ध पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस कार्रवाई में अनुविभागीय कृषि अधिकारी गाडरवारा श्रीमती सुनीता मवासे, तहसीलदार चीचली श्री नितिन राय, थाना प्रभारी श्रीमती शशि विश्वकर्मा, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी चीचली श्री के.पी. सिंह, कृषि विस्तार अधिकारी श्री राजेश साहू एवं लिपिक श्री राजेन्द्र साहू मौजूद थे।
जिला प्रशासन ने किसानों एवं हार्वेस्टर संचालकों से अपील की है कि कंबाइन हार्वेस्टर का संचालन अनिवार्य रूप से स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगाकर ही करें। फसल कटाई के बाद नरवाई अथवा पराली में आग न लगाएं और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों का उपयोग करें।