सरकार व जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी है मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह
6 स्व-सहायता समूहों को 38 लाख रुपये के ऋण वितरित
विभागीय स्टॉल के माध्यम से हितग्राहियों का किया गया पंजीयन
उद्यम संवाद में उद्यमियों एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने साझा किए अपने अनुभव
स्वास्थ्य शिविर में हुई ग्रामीणों की निःशुल्क जांच
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम अनघौरी में आयोजित हुआ जन संवाद शिविर
नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले की जनपद पंचायत सांईखेड़ा के ग्राम अनघौरी में जन संवाद शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्वरोजगार एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने पौधरोपण कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं की जानकारी मिले और वह उनका लाभ लेकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बने। जनभागीदारी, जागरूकता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभ के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।
6 स्व-सहायता समूहों को वितरित किए 38 लाख रुपये के ऋण
कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 6 स्व-सहायता समूहों को कुल 38 लाख रुपये की ऋण राशि वितरित की गई। इसमें अम्बेडकर स्व-सहायता समूह पिपरिया कला को 3 लाख रुपये, श्रीराम स्व-सहायता समूह पिपरिया कला को 10 लाख रुपये, शिवाजी स्व-सहायता समूह पिपरिया कला को 10 लाख रुपये, मां नर्मदा स्व-सहायता समूह सोकलपुर को 6 लाख रुपये, गणेश स्व-सहायता समूह निबारी को 3 लाख रुपये तथा मां नर्मदा स्व-सहायता समूह खिरिया को 6 लाख रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई। इस राशि से समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को विस्तार देने में मदद मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ देकर लाभांवित किया।
मंत्री श्री सिंह ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
मंत्री श्री सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य शिविर सहित कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। यहाँ आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 88 लोगों ने ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जबकि 64 लोगों की एनसीडी जांच की गई। इसके अलावा 65 लोगों के एक्स-रे किए गए तथा 18 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में 3 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। साथ ही 5 हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र हितग्राहियों का शासकीय योजनाओं के लिए पंजीयन किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
नागरिकों को मिली आधार संबंधी सुविधाएं
जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पीपरपानी, अनघौरी (टुईयापानी) एवं रमपुरा में शिविर लगाए लगाए गए। इस दौरान 6 नागरिकों के नवीन आधार कार्ड बनाए गए और 96 नागरिकों के आधार में आवश्यक अपडेट किए गए। इस प्रकार कुल 102 नागरिकों को आधार संबंधी सुविधाएं प्रदान की गई।
उद्यम संवाद में साझा किए सफलता के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान मंच से उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। इसमें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासकीय योजनाओं और उपलब्ध अवसरों का लाभ लेकर वे अपनी आजीविका को बेहतर बना रहे हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उद्यम संवाद का उद्देश्य सफल उद्यमियों के अनुभवों को अन्य लोगों तक पहुंचाना है, जिससे युवा एवं ग्रामीणजन स्वरोजगार के लिए प्रेरित हो सकें।
प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने बताए अनुभव
कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाने, इसके लाभ तथा कृषि में किए जा रहे नवाचारों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि लागत कम करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के अपने अनुभव बताए।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अन्य जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।