निरीक्षण के दौरान मेडलेपार एमएलसी एवं एचआईएमएस रिपोर्टिंग में मिली लापरवाही
लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों का तीन दिवस का वेतन काटने के दिए निर्देश
मेडलेपार पोर्टल पर एमएलसी प्रकरणों की प्रविष्टि एवं एचआईएमएस रिपोर्टिंग में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा ने संबंधित डॉक्टरों के तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिश्रा एवं थाना प्रभारी गाडरवारा द्वारा संबंधित चिकित्सकीय टीम को संयुक्त रूप से मेडलेपार पोर्टल पर एमएलसी प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि एवं रिपोर्टिंग के संबंध में पुनः प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध जानकारी दर्ज करने, रिपोर्टिंग की प्रक्रिया तथा आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर मेडलेपार एमएलसी रिपोर्टिंग के लिए एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्रविष्टि अथवा रिपोर्टिंग के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल आधिकारिक ग्रुप में जानकारी साझा करें, ताकि समस्या का त्वरित निराकरण किया जा सके और रिपोर्टिंग का कार्य प्रभावित न हो। थाना प्रभारी गाडरवारा ने बताया कि एमएलसी के प्रकरणों का सीसीटीएनएस नंबर के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा तथा डुप्लीकेट प्रकरणों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में एकरूपता और शुद्धता बनी रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिश्रा ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के बाद भी यदि मेडलेपार एमएलसी एवं एचआईएमएस रिपोर्टिंग में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में समयबद्धता, जवाबदेही एवं सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।