खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने किया दो मावा फैक्ट्रीयों का निरीक्षण, एक का खाद्य पंजीयन निलंबित
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार त्यौहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की जांच हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दो मावा फैक्ट्रीयों का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहपुरा के ग्राम उमरिया स्थित लवकुश चौरसिया की मावा फैक्ट्री का निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी में मावा का निर्माण करते पाया गया। निर्माण स्थल में फर्श और दीवाल नहीं थी और एक शेड में मशीन लगा कर मावा का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर इस फैक्ट्री से मावा के 2 सैंपल लिए गए तथा लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन का प्रकरण बनाया जाकर खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत लम्हेटा ग्राम स्थित मुकेश सिंह की मावा फैक्ट्री का निरीक्षण भी किया गया तथा यहां से भी मावा के 2 सैंपल लिए गए। नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।