दुनियाभर में 33 प्रतिशत मौतों की वजह हृदय रोग
जीवनशैली में बदलाव से 80 प्रतिशत मामलों को रोका जा सकता है
प्रदूषण, प्लास्टिक और मोटापा बने दिल के नए दुश्मन; युवाओं में तेजी से बढ़ रहे हैं हार्ट अटैक के मामले
इंदौर। दुनियाभर में हृदय संबंधी बीमारियां (कार्डियोवैस्कुलर डिजीज) मौत का सबसे बड़ा कारण बनकर उभर रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, हर साल दुनियाभर में लगभग 2 करोड़ (20 मिलियन) लोगों की मौत हृदय रोगों के कारण होती है, जो कुल मौतों का लगभग 33 प्रतिशत है। इनमें से 75 प्रतिशत से अधिक मौतें भारत जैसे मध्यम और निम्न आय वाले देशों में हो रही हैं। हालांकि, वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन का मानना है कि सही समय पर सतर्कता और जीवनशैली में बदलाव लाकर लगभग 80 प्रतिशत असामयिक हृदय रोगों और स्ट्रोक के मामलों को रोका जा सकता है। यह बात आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में ख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और वल्र्ड हार्ट फेडरेशन, यूएसए के अध्यक्ष डॉ. जगत नरूला ने कही। उनके साथ वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. पंचोलिया, सीएसआई इंदौर के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप गुप्ता एवं उपाध्यक्ष डॉ. राकेश जैन भी मौजूद थे।
डॉ. नरूला ने कहा कि प्राचीन ममियों से लेकर समकालीन आदिवासी समुदायों तक और एथेरोस्क्लोरोसिस (धमनियों में रुकावट) की उत्पत्ति पर किए गए गहन शोध से यह स्पष्ट होता है कि हृदय रोगों की रोकथाम जीवन में बहुत शुरुआती चरण से ही शुरू कर देनी चाहिए। भारत में बेहद कम उम्र के युवाओं में दिल के दौरे पडऩे के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती लक्षणों को समय पर पहचाना नहीं जा रहा है, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक कारणों के अलावा अब बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग और मोटापे की महामारी हृदय रोगों के नए और प्रमुख कारणों के रूप में सामने आ रहे हैं। हृदय रोगों से सुरक्षा के लिए संतुलित और अनुशासित जीवनशैली ही सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक कारक है।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट का व्यायाम या पैदल चलें, संतुलित खान-पान जैसे जंक फूड, अत्यधिक नमक, चीनी और प्लास्टिक पैक्ड खाद्य पदार्थों से बचें, स्वच्छ वातावरण में समय बिताना और मानसिक तनाव को नियंत्रित रखने के साथ 30 की उम्र के बाद नियमित रूप से हेल्थ चेकअप ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और शुगर की जांचे कराना जरूरी है।